
लखनऊ। आगरा एक्सप्रेस-वे के पास पारा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान मैनपुरी के जोगेंद्र यादव (19) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह लखनऊ हाइड्रा मशीन सीखने आया था।
घटना मौंदा मोड़ के पास यादव क्रेन सर्विस के प्लांट के निकट हुई। पुलिस ने मौके पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजन को सूचना दे दी गई है, वे लखनऊ आ रहे हैं।
युवक के बारे में जानकारी
जोगेंद्र यादव मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के लेहगांव गांव के अमरीश यादव के पुत्र थे। वह लगभग दो महीने पहले लखनऊ आए थे और अपने बुआ के लड़के अमित यादव के पास रह रहे थे। अमित यादव की यादव क्रेन सर्विस में जोगेंद्र हाइड्रा मशीन चलाना सीख रहा था।
आत्महत्या के कारण अज्ञात
पुलिस ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस घटना की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।








