
- तिवारीपुर गांव के खेत में गिरा रहस्यमयी ड्रोन
- ड्रोन में कैमरा लगा होने की पुष्टि
- अहिरौली पुलिस ने कब्जा कर विशेषज्ञों को सौंपा जांच के लिए
अम्बेडकरनगर : मंगलवार की सुबह जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के एक खेत में एक रहस्यमयी ड्रोन आकर गिरा। यह ड्रोन सामान्य नहीं, बल्कि कैमरा युक्त ड्रोन बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अहिरौली थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया।
अहिरौली थाने के प्रभारी निरीक्षक अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि खेत में गिरा उपकरण ड्रोन जैसा है और इसमें कैमरा लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद इसे आगे की तकनीकी जांच के लिए विशेषज्ञों को सौंपा गया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक यह नहीं कहा जा सकता कि ड्रोन कहां से आया और इसका उद्देश्य क्या था।
ड्रोन मिलने की खबर आग की तरह पूरे जिले में फैल गई। स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
हालांकि पुलिस और प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।








