लखनऊ। लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों युवक स्विफ्ट डिजायर कार से अमेठी जा रहे थे। सुल्तानपुर रोड स्थित गब्बर ढाबा के पास उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में अमेठी के मुंशीगंज थाना क्षेत्र के पड़री गांव निवासी सौरभ यादव (21) और अभिषेक यादव (20) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, कार में सवार तेजगढ़, मुसाफिरखाना निवासी नितिन यादव (20) और पिड़री, मुंशीगंज निवासी अजय यादव (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईंगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त कार को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है।









