लखनऊ में दर्दनाक हादसा, दरोगा की मां और ताऊ की मौत

काकोरी में आउटर रिंग रोड पर खंभे से टकराकर कई बार पलटी XUV300, दरोगा और चालक घायल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। काकोरी क्षेत्र में आउटर रिंग रोड पर तेज रफ्तार XUV300 कार अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार कई बार पलटी और फिर सड़क पर सीधी हो गई। हादसे में कार में पीछे बैठे दरोगा की मां और ताऊ की मौत हो गई। वहीं, दरोगा और चालक घायल हुए हैं।

चकौली अंडरपास के पास हुआ हादसा

हादसा काकोरी में चकौली अंडरपास के पास सुबह करीब 9 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, बिजनौर के नाहटौर थाने में उप निरीक्षक के पद पर तैनात सोनू निगम XUV300 से बुलंदशहर से लखनऊ आ रहे थे। उन्हें मोहनलालगंज में रिश्तेदारी के एक कार्यक्रम में शामिल होना था।

बताया गया कि उनके साथ उनकी मां सावित्री देवी (48) और ताऊ शेर सिंह (55) भी थे। शेर सिंह का पीजीआई में इलाज चल रहा था। इसी वजह से वह भी सोनू निगम के साथ लखनऊ आ रहे थे।

खंभे से टकराकर कई बार पलटी कार

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कार चकौली अंडरपास के पास खंभे से टकराने के बाद कई बार पलटी। हादसे के समय दरोगा सोनू निगम चालक के बगल वाली सीट पर बैठे थे, जबकि उनकी मां और ताऊ पीछे की सीटों पर थे।

टक्कर के बाद कार के दोनों एयरबैग खुल गए। इसके बावजूद पीछे बैठे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मां और ताऊ ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अवस्था में पड़े सावित्री देवी और शेर सिंह को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, दरोगा सोनू निगम और चालक संदीप भाटी को भी चोटें आई हैं। दोनों को हादसे में मामूली चोट लगने की जानकारी सामने आई है।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ek-bharat-shreshtha-bharat-yogi-lucknow/

पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू

पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में क्षतिग्रस्त XUV300 को भी सड़क से हटवा दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button