
- अवैध मौरंग लदा ट्रेलर हाईवे पर पीछा कर पकड़ा गया
- चालक के पास नहीं थे खनन से जुड़े वैध दस्तावेज
- खनन अधिकारी ने माना सरकारी कार्य में बाधा
अम्बेडकरनगर। जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मौरंग लदे ट्रेलर को पकड़ लिया। चालक के खिलाफ उपखनिज नियमावली, चोरी और सरकारी कार्य में बाधा जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पदुमपुर चौराहे से शुरू हुआ पीछा
खनन अधिकारी कमलेश साहू द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, टीम राजेसुल्तानपुर के पदुमपुर चौराहे के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध ट्रेलर को रोकने का प्रयास किया गया। टीम के इशारे के बावजूद चालक ट्रेलर लेकर तेजी से भाग निकला।
हाईवे पर लंबा पीछा, जैतपुर में घेराबंदी कर पकड़ा गया ट्रेलर
इसके बाद खनन विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से हाईवे पर ट्रेलर का पीछा शुरू किया। कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद जैतपुर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर ट्रेलर को रोक लिया गया। ट्रेलर की तलाशी में उसमें 25 घन मीटर अवैध मौरंग पाई गई।
चालक के पास नहीं थे वैध दस्तावेज
मौके पर मौजूद चालक पंकज यादव, निवासी मल्लेपट्टी, महराजगंज, आजमगढ़ के पास मौरंग से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं मिले। पूछताछ में उसने ट्रेलर के मालिक का नाम देवेंद्र सिंह बताया, जो उसी गांव का निवासी है।
खनन अधिकारी कमलेश साहू ने इसे न केवल अवैध खनन का मामला माना, बल्कि ट्रेलर चालक द्वारा चेकिंग टीम से भागने और पीछा करने के दौरान सुरक्षा को खतरे में डालने की वजह से इसे सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसा अपराध भी माना। विभाग ने जैतपुर थाना में तहरीर देकर मामला दर्ज कराया।








