आलापुर (अंबेडकरनगर)। तहसील आलापुर के ग्राम तेन्दुआई कला में जमीन पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने उपजिलाधिकारी आलापुर को प्रार्थना पत्र देकर मामले में हस्तक्षेप करने, अवैध निर्माण पर रोक लगाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम तेन्दुआई कला निवासी लालमन और सौरभ का गाटा संख्या 244 ख (रकबा 0.095 हेक्टेयर) में मालिकाना हक दर्ज है। इस भूमि से संबंधित नक्शा तरमीम (नक्शा संशोधन) का मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद गांव के कुछ लोगों ने संबंधित भूमि पर कब्जा कर निर्माण शुरू करने का प्रयास किया। उनका कहना है कि विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
अवैध निर्माण रोकने की मांग
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण न्यायालय में विचाराधीन मामले को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में प्रशासन मौके पर हस्तक्षेप कर यथास्थिति बनाए रखे और किसी भी तरह के निर्माण या कब्जे की कोशिश पर रोक लगाए।
पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि विपक्षी पक्ष समूह बनाकर मौके पर पहुंच रहा है, जिससे तनाव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने आशंका जताई है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो विवाद बढ़ सकता है।









