अंबेडकरनगर। वित्तीय वर्ष 2026-27 की दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत शिक्षण संस्थानों को मास्टर डाटा अपडेट कर लॉक करना होगा। कक्षा 11-12 को छोड़कर दशमोत्तर कक्षाओं के लिए मास्टर डाटा लॉक करने की अंतिम तिथि 26 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। जिला समाज कल्याण विभाग ने इसके लिए संशोधित समय-सारिणी जारी की है।
पाठ्यक्रम और सीटों समेत दर्ज करनी होगी जानकारी
संस्थानों को मास्टर डाटा में संचालित पाठ्यक्रम, पाठ्यक्रम का प्रकार और कुल सीटों की संख्या दर्ज करनी होगी। इसके साथ सक्षम स्तर से निर्धारित शुल्क और पाठ्यक्रमवार एफिलिएटिंग एजेंसी या विश्वविद्यालय का नाम भी अंकित करना होगा। पहले से दर्ज जानकारी में बदलाव होने पर उसे भी अपडेट करना होगा।
जानकारी पूरी करने के बाद संस्थान को मास्टर डाटा का डिजिटल हस्ताक्षर से प्रमाणीकरण कर उसे लॉक करना होगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार छात्रवृत्ति संबंधी कार्यवाही आगे बढ़ेगी।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/shravan-dham-deep-prajwalan/
समयसीमा में प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
जिला समाज कल्याण अधिकारी त्रिनेत्र कुमार सिंह ने संबंधित शिक्षण संस्थानों को संशोधित समय-सारिणी के अनुसार कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संस्थानों से छात्रवृत्ति से जुड़ी प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने को कहा है।









