
- लखनऊ में 24 घंटे में 3 नए कोरोना मरीज मिले
- सभी मरीजों की हालत सामान्य, होम आइसोलेशन में इलाज
- संक्रमितों की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण एक बार फिर रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में कोविड पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बीते 24 घंटे में लखनऊ में 3 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें एक 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला, 22 वर्षीय युवती और 49 वर्षीय महिला शामिल हैं। राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की हालत सामान्य है और उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है।
बिना ट्रैवल हिस्ट्री के संक्रमित हुए मरीज
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय से जारी रिपोर्ट के अनुसार, नए संक्रमितों में सदर बाजार, गोमती नगर विस्तार और विश्वास खंड निवासी महिलाएं शामिल हैं। इनमें किसी की भी ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। सांस लेने में तकलीफ, बुखार, खांसी और जुकाम जैसे लक्षण दिखने पर परिजनों ने इन्हें निजी अस्पतालों में जांच के लिए भेजा, जहां इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
राजधानी में 11 संक्रमित, 7 एक्टिव केस
लखनऊ में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल 11 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 7 मरीजों का इलाज चल रहा है और वे एक्टिव केस की श्रेणी में हैं। लखनऊ के सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि राजधानी में हालात नियंत्रण में हैं और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
प्रदेश में 225 एक्टिव केस, एनसीआर रीजन सबसे अधिक प्रभावित
प्रदेश भर में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 225 तक पहुंच गई है। इनमें सबसे ज्यादा केस गौतमबुद्ध नगर (166) और गाजियाबाद (28) में हैं। लखनऊ और मेरठ में फिलहाल 7-7 एक्टिव केस हैं। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।








