
- हनीमैन चौराहे के पास चाइनीज मांझे से घायल हुए पंडित आदर्श तिवारी
- नाक पर 6 टांके, गर्दन पर गहरे जख्म
- प्रतिबंध के बावजूद शहरभर में बिक रहा जानलेवा मांझा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा खुलेआम बिक रहा है और अब यह एक बार फिर हादसे की वजह बन गया। रविवार शाम हनीमैन चौराहे के पास जेटीआरआई के सामने बाइक से जा रहे पंडित आदर्श तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जब हवा में उड़ती पतंग का मांझा उनके चेहरे और गर्दन पर लिपट गया।
नाक कटी, छह टांके लगे – गर्दन पर गहरे घाव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना अचानक हुई। बाइक पर सवार आदर्श तिवारी सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज हवा में उड़ रही पतंग का चाइनीज मांझा उनके चेहरे पर लिपट गया। मांझे की धार ने उनकी नाक काट दी और गर्दन पर गहरा घाव कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें निजी अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उनकी नाक पर 6 टांके लगाए।
घायल बोले – समय रहते न चेते तो जान भी जा सकती है
एमिटी यूनिवर्सिटी के पास रहने वाले आदर्श तिवारी ने बताया, “शहर में जगह-जगह खुलेआम चाइनीज मांझा बिक रहा है। यह बेहद खतरनाक है। अगर प्रशासन ने सख्ती नहीं की, तो किसी की भी जान जा सकती है।” उन्होंने प्रशासन से अपील की कि ऐसे घातक मांझे की बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए।
बिक्री पर रोक के बावजूद खुलेआम चल रहा कारोबार
सरकार ने कई बार चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाई है। यह मांझा कांच और धातु के महीन टुकड़ों से बना होता है, जो बेहद धारदार होता है। बावजूद इसके लखनऊ के पुराने लाट, चौक, अमीनाबाद, निशातगंज और आलमबाग जैसे इलाकों में खुलेआम इसकी बिक्री जारी है।








