किन्नौर जिले के निचार में आज सुबह तड़के करीब 4 बजे बादल फटने की घटना के बाद कुछ समय तक तेज बारिश हुई, जिसके चलते काचरंग नाले में फ्लैश फ्लड आ गया। जिला उपायुक्त अमित शर्मा ने जानकारी दी कि इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, हालांकि ग्रामीणों का संपर्क मार्ग बह गया है।
इसी बीच शिमला में भी मौसम ने अचानक करवट ली और बारिश शुरू हो गई। सुबह 10:30 बजे तक मौसम साफ और धूप वाला था, लेकिन करीब 11 बजे के बाद बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन जारी कर दोपहर 3 बजे तक शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं सिरमौर, कांगड़ा, सोलन, कुल्लू और मंडी जिलों में बारिश के साथ आंधी और तूफान की चेतावनी दी गई है।









