CM योगी बोले—G-20 के बाद लोग मर्सिडीज से गमले उठा ले गए

योगी ने AI और युवाओं की भूमिका पर जोर दिया

यूपी में कानून व्यवस्था सुधार से निवेश में बड़ा उछाल

ब्रह्मोस मिसाइल और ड्रोन जैसी तकनीकें यूपी में विकसित

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को BBD यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में संबोधित करते हुए G-20 समिट के अनुभव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल के आसपास लगाए गए गमलों को कुछ लोग मर्सिडीज कार से उठाकर ले गए। योगी ने मुस्कुराते हुए कहा—“सोचिए, कहां मर्सिडीज की कीमत और कहां एक गमले की कीमत! अगर हम कार्रवाई करते तो दुनिया कहती कि गमला चोर पकड़ रहे हैं। इसलिए हमने उन्हें बुलाकर CCTV फुटेज दिखाया और समझाया।”

दीक्षांत समारोह में दो बैचों के 5,746 छात्रों को उपाधियां और मेडल दिए गए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भविष्य की दुनिया वही लीड करेगा जो 10 कदम आगे की सोच रखेगा। योगी ने चेतावनी भी दी कि AI जरूरी है, लेकिन “AI को आप चलाएं, वह आपको न चलाने लगे।”

मंच पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं के गुस्से का जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा—“युवाओं को बहुत गुस्सा आता है। पत्नी को गुस्सा आए तो उसकी सुनो।” इसके बाद उन्होंने मंच से एक पहेली भी पूछी।

1. “2017 से पहले बेटी और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे”

योगी ने कहा कि 2017 से पहले यूपी पहचान के संकट से जूझ रहा था।
“बेटियां सुरक्षित नहीं थीं, व्यापारी परेशान थे। निवेशक पलायन कर रहे थे। हमने जीरो टॉलरेंस की बात कही तो लोग इसे बयानबाजी मानते थे।”

उन्होंने कहा कि अब यूपी में त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाए जाते हैं। कानून व्यवस्था में सुधार के बाद निवेश की बाढ़ आ गई।
“5 साल में 50 हजार करोड़ का निवेश मिलना मुश्किल था, लेकिन पिछले 8 वर्षों में यूपी को 45 लाख करोड़ का निवेश मिला है।”

2. “यूपी को देश का टॉप अचीवर बना दिया”

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के समय यूपी का राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में योगदान 14% था, लेकिन उनकी सरकार बनने तक यह घटकर 8% पर आ गया था।
“हमने मेहनत की और यूपी को फिर से देश का टॉप अचीवर बना दिया।”

उन्होंने BBD यूनिवर्सिटी के संस्थापक दिवंगत अखिलेश दास का भी उल्लेख किया।
“उन्होंने 100 एकड़ जमीन जुटाकर यूनिवर्सिटी बनाई, जबकि उस समय सरकार के खास लोगों को सिर्फ 10 एकड़ में ही स्वीकृति मिल जाती थी।”

3. “पाकिस्तान को दहला देने वाले ड्रोन भी यूपी में बने”

योगी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चौंकाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल लखनऊ में ही बनी।
“ब्रह्मोस के लिए फ्री में जमीन दी गई। पूरी क्षमता से काम शुरू होते ही राज्य को हर साल 500-600 करोड़ का GST मिलेगा।”

उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के ‘होश उड़ा देने वाले ड्रोन’ भी यूपी में बने हैं, जो यहां की तकनीकी क्षमता और युवाओं की प्रतिभा का प्रमाण हैं।

सीएम ने विश्वविद्यालय प्रशासन से उभरती तकनीक को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने और शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button