जनकपुरी में खुले गड्ढे में गिरने से युवक की मौत, DJB के तीन अधिकारी सस्पेंड

दिल्ली जल बोर्ड की कंस्ट्रक्शन साइट पर हुआ हादसा

तीन इंजीनियर सस्पेंड, प्रोजेक्ट कंपनी पर कार्रवाई

परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया

नई दिल्ली। वेस्ट दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की लापरवाही से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। कंस्ट्रक्शन साइट पर खोदे गए करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से बाइक सवार युवक की जान चली गई। हादसा गुरुवार देर रात हुआ।

मृतक की पहचान कैलाशपुरी निवासी कमल भयानी (25) के रूप में हुई है। वह एक निजी बैंक के कॉल सेंटर में कार्यरत था। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली जल बोर्ड द्वारा सड़क पर निर्माण कार्य के लिए गड्ढा खोदा गया था, लेकिन वहां कोई उचित बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया था। सड़क कई दिनों से बंद थी, बावजूद इसके सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे।

परिजनों का आरोप- पुलिस ने नहीं की मदद

मृतक के जुड़वां भाई करण ने बताया कि कमल गुरुवार रात घर नहीं लौटा था। पूरी रात परिवार उसे तलाशता रहा और कई थानों में शिकायत की, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। सुबह पुलिस से फोन पर जानकारी मिली कि कमल की मौत हो चुकी है।

दोस्त मयंक ने भी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर शिकायत दर्ज होती और तलाश शुरू होती, तो शायद कमल की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने मामले में साजिश की आशंका भी जताई है।

तीन इंजीनियर सस्पेंड, मुआवजे का ऐलान

घटना के बाद कैबिनेट मंत्री परवेश साहिब सिंह वर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए दिल्ली जल बोर्ड के तीन अधिकारियों—एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही प्रोजेक्ट कंपनी पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button