
- मच्छर जनित रोगों (डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया) पर विशेष ध्यान
- क्लोरीनेशन डेमो के जरिए पानी को संक्रमण मुक्त करने की विधि बताई जाएगी
- सभी विभागों को निरीक्षण और निगरानी का दायित्व सौंपा गया
अंबेडकरनगर। जनपद में सोमवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की शुरुआत की गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अकबरपुर से इस अभियान का औपचारिक उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल ने किया। उद्घाटन कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। जनपद के अन्य सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अभियान का शुभारंभ किया।
11 से 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
यह विशेष अभियान 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इसके अंतर्गत घर-घर जाकर बुखार, टीबी और अन्य संचारी रोगों से प्रभावित मरीजों की पहचान की जाएगी। आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की टीमें घरों का दौरा करेंगी और बीमारी से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्र करेंगी।
15 वर्ष से कम आयु के बच्चों वाले घरों और जिन घरों में बुखार या टीबी के मरीज पाए जाएंगे, उन पर विशेष स्टीकर चिपकाए जाएंगे। इसके माध्यम से संबंधित परिवारों को सतर्क किया जाएगा और आसपास के लोगों को भी जागरूक किया जाएगा।
मच्छर जनित रोगों की रोकथाम पर फोकस
अभियान के दौरान मच्छर जनित रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। कार्यकर्ता मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उनका विनष्टीकरण कराएंगी। लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, पानी की टंकियों को ढंकने, पुराने टायर, कूलर और बर्तनों में पानी जमा न होने देने जैसी सावधानियों के बारे में बताया जाएगा।
इसके अतिरिक्त क्लोरीनेशन डेमो भी किया जाएगा, जिसमें पानी को संक्रमण से मुक्त करने की विधियों को लाइव डेमो के जरिए समझाया जाएगा।








