अंबेडकरनगर। संचारी रोगों, डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए चल रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत शुक्रवार को नगर पालिका परिषद अकबरपुर ने वार्ड संघतिया और विजयगांव में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान सफाई, जल निकासी, कीटनाशक छिड़काव और फॉगिंग का कार्य किया गया।
मानसून के दौरान मच्छरों के प्रजनन को रोकने के उद्देश्य से सुबह से ही दोनों वार्डों में विशेष सफाई टीमें तैनात रहीं। टीमों ने छोटी-बड़ी नालियों की सफाई कर उनमें जमा गाद निकाली, जिससे जल प्रवाह सुचारु हो सके। जलभराव वाले स्थानों से पानी की निकासी भी कराई गई।
मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए नालियों और जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी-लार्वा दवा, मैलाथियान, ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव किया गया। इसके अलावा गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर मशीनों के माध्यम से फॉगिंग कराई गई, ताकि मच्छरों के प्रकोप को नियंत्रित किया जा सके।
अभियान के दौरान खाली भूखंडों और सड़क किनारे उगी झाड़ियों तथा घास की कटाई भी कराई गई। नगर पालिका का कहना है कि इससे जलभराव और मच्छरों के पनपने की संभावना कम होगी।
नगरवासियों से सहयोग की अपील
नगर पालिका परिषद अकबरपुर के अधिशाषी अधिकारी राजमणि ने नगरवासियों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कूलर, गमले, पुराने टायर और अन्य स्थानों पर पानी जमा होने से मच्छरों का प्रजनन बढ़ता है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता कर्मियों का सहयोग करने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालने का आग्रह किया।
अभियान के दौरान स्वच्छता प्रभारी इसराइल, ओमप्रकाश सुमन, स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी जसवंत सिंह यादव, सफाई नायक अमित श्रीवास्तव और दीपक शुक्ला सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। पूरी टीम ने मौके पर रहकर सफाई और छिड़काव कार्यों की निगरानी की।









