तहसील परिसर में शिफ्ट हो सकता है ग्राम न्यायालय, कम्युनिटी हॉल का निरीक्षण

नरियांव से अस्थायी स्थानांतरण की मांग पर बढ़ी हलचल, स्थायी भवन के लिए अब तक नहीं मिल सकी जमीन

अंबेडकरनगर)। नरियांव ग्राम पंचायत के पंचायत भवन में संचालित ग्राम न्यायालय को आलापुर तहसील परिसर में लाने की कवायद तेज होती दिख रही है। बुधवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने तहसील परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर कम्युनिटी हॉल का निरीक्षण किया। अधिवक्ताओं ने इसी भवन में ग्राम न्यायालय को अस्थायी रूप से संचालित करने की मांग उठाई है। हालांकि, स्थानांतरण पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

अधिवक्ताओं ने उठाई थी स्थानांतरण की मांग

आलापुर तहसील के अधिवक्ताओं ने हाल ही में जिलाधिकारी ईशा प्रिया से मुलाकात कर न्यायिक कार्यालयों को व्यवस्थित करने की मांग की थी। इस दौरान सौंपे गए मांगपत्र में नरियांव के पंचायत भवन में चल रहे ग्राम न्यायालय को तहसील परिसर के कम्युनिटी हॉल में अस्थायी रूप से स्थानांतरित करने का अनुरोध किया गया था।

अधिवक्ताओं ने तहसील भवन में संचालित उप निबंधक कार्यालय को नवनिर्मित भवन में शुरू कराने और इंदईपुर में संचालित चकबंदी न्यायालय को भी आलापुर तहसील परिसर में लाने की मांग की थी। इसी क्रम में बुधवार को कम्युनिटी हॉल का निरीक्षण किया गया।

कभी उप कोषागार था, अब न्यायालय की संभावना

तहसील परिसर स्थित कम्युनिटी हॉल का उपयोग पहले सामाजिक गतिविधियों के साथ उप कोषागार के संचालन के लिए भी किया जाता था। करीब ढाई दशक पहले अन्नापुर में बसपा प्रमुख मायावती की सांसद निधि से लगभग 12 लाख रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया गया था। करीब 20 वर्षों तक यहां उप कोषागार संचालित हुआ। बाद में इसे जिला मुख्यालय स्थानांतरित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button