
- एलडीए में सैकड़ों शिकायतें, अवैध कब्जों की भरमार
- 21 साल से झुग्गियों में फंसे हैं प्लॉट के असली मालिक
- वसंत कुंज योजना में नहीं मिला कब्जा, बैंक दे रहा नोटिस
- 6 साल पहले खरीदा प्लॉट, अब भी खाली हाथ हैं लोग
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) कार्यालय में मंगलवार को नागरिक सुविधा दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर कमिश्नर रोशन जैकब, नगर आयुक्त गौरव कुमार, एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में लोग विभिन्न शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनमें प्लाट पर अवैध कब्जा, मुआवजा न मिलना, बिजली कनेक्शन, सीवर और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।
भू-माफिया की झुग्गियों से कब्जा नहीं मिल पा रहा
व्यापारी नेता हरिश्चंद्र अग्रवाल ने कमिश्नर से मिलकर बताया कि वर्ष 2004 में एलडीए की रामनगर योजना में निकाले गए 80 प्लॉटों में से 60 प्लॉट आवंटित हो चुके हैं। उनकी बेटी और रिश्तेदार समेत कई डॉक्टरों और नागरिकों को प्लॉट मिले थे, लेकिन जब वे कब्जा लेने पहुंचे तो पाया कि प्रकाश यादव नामक भू-माफिया ने जमीन पर झुग्गी-झोपड़ियां बसा दी हैं।
अग्रवाल ने बताया कि 21 साल से वे लोग एलडीए के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उन्हें कब्जा नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रकाश यादव झुग्गियों में रहने वालों से किराया भी वसूल रहा है। कई आवंटियों ने प्लॉट खरीदने के लिए लोन लिया था और आज भी किश्तें चुका रहे हैं, लेकिन जमीन पर अधिकार नहीं मिल पाया।
वसंत कुंज योजना में कब्जे की लंबित समस्या
बसंतपुर आवास से कल्याण समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि वसंत कुंज सेक्टर-ए योजना में पैसे जमा करने के बावजूद न तो कब्जा मिला है और न ही रजिस्ट्री हुई है। बैंक अब लोन को पर्सनल लोन में बदलने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की कई बार शिकायत की गई लेकिन समाधान नहीं हुआ। आज कमिश्नर से मिलने के बाद उन्हें 6 महीने के भीतर समाधान का आश्वासन मिला है।
जानकीपुरम निवासी को 6 साल से कब्जे का इंतजार
जानकीपुरम निवासी सलीम ने बताया कि उन्होंने 6 साल पहले एलडीए से सीतापुर रोड पर एक प्लॉट खरीदा था, लेकिन अब तक कब्जा नहीं मिला है। उन्होंने कई बार शिकायत की लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला है।
अधिकारियों ने दिलाया भरोसा
एलडीए अधिकारियों ने सभी फरियादियों की बातें गंभीरता से सुनीं और जल्द ही कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। कमिश्नर रोशन जैकब ने कहा कि लंबित कब्जा मामलों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे।








