जलालपुर, अम्बेडकरनगर। ब्लॉक परिसर में आयोजित तीन दिवसीय ‘संवाद जनकल्याण शिविर’ का मंगलवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रितेश पांडे ने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। महिला सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टाल, योजनाओं की दी जानकारी
शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, स्वास्थ्य, पशुपालन तथा पंचायत विभाग की ओर से स्टाल लगाए गए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। पूर्व सांसद ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आम लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
कार्यक्रम का संयोजन जिलामंत्री चन्द्रिका प्रसाद ने किया, जबकि अध्यक्षता बीडीओ दिनेशराम ने की। शिविर में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राम किशोर राजभर, नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि, ब्लॉक प्रमुख त्रिभुवननाथ, विकास निषाद, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।









