
- लखनऊ में कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन
- 5000 स्कूल बंद करने के फैसले का विरोध
- अजय राय बोले- “स्कूल बंद, शराब की दुकानें चालू”
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 5000 प्राइमरी और जूनियर स्कूलों को बंद किए जाने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस ने लखनऊ में जमकर प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। अजय राय ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, “प्रदेश में 5000 स्कूल बंद हो रहे हैं और 50 हजार मधुशालाएं खुल रही हैं। यही है बीजेपी का न्यू इंडिया।”
गरीब बच्चों के भविष्य से खिलवाड़: अजय राय
प्रदर्शन के दौरान अजय राय ने सरकार पर गरीबों और ग्रामीण तबके के बच्चों के भविष्य को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “सरकारी स्कूल बंद करना शिक्षा से वंचित बच्चों के लिए विनाशकारी कदम है। यह आंदोलन केवल एक दिन का नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा सत्र तक जारी रहेगा।”
उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी ने ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक संगठन को सक्रिय कर दिया है और सरकार के इस निर्णय का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
कांग्रेस प्रवक्ता का आरोप – कमजोर हो रहा है शिक्षा का अधिकार कानून
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने कहा कि शिक्षा का अधिकार कानून पहले ही कमजोर किया जा चुका है। अब स्कूलों को बंद कर देना सीधे तौर पर गरीब और दलित बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस सरकार को यह फैसला वापस लेने पर मजबूर करेगी।
“बच्चे नहीं, अब हर गली में शराबी दिखेंगे”
अध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी (दक्षिणी) डॉ. शहजाद आलम ने सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “प्रदेश में जहां एक ओर स्कूलों को ताले लग रहे हैं, वहीं हर गली-मोहल्ले में शराब की दुकानें खुल रही हैं। अब बच्चों के हाथों में किताबें नहीं, समाज के हाथों में शराब की बोतलें नजर आएंगी।”
उन्होंने दावा किया कि अगर यह फैसला वापस नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में ग्रामीण इलाकों में दूर-दूर तक कोई स्कूल नहीं मिलेगा।








