
अंबेडकर नगर। लोहिया भवन परिसर में आयोजित स्वदेशी मेला जनपदवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। प्रदेशभर में 75 जनपदों में चल रहे इस आयोजन की कड़ी में अंबेडकर नगर में स्थानीय उत्पादों और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह मेला शुरू किया गया है। पहले ही दिन से मेले में आमजन की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों ने भी मेले का भ्रमण कर अन्य उद्यमियों और युवाओं को प्रेरित किया।
लोकल प्रोडक्ट्स को मिली पहचान, खरीदारी को उमड़ी भीड़
स्वदेशी मेले में हस्तशिल्प, हथकरघा, मिट्टी के बर्तन, बांस व लकड़ी से बने उत्पाद, जड़ी-बूटियों और स्थानीय खाद्य सामग्री की स्टॉलों पर सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली। जनपदवासियों ने पारंपरिक उत्पादों की खूब सराहना की और जमकर खरीदारी भी की।
स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ यह मेला ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के कारीगरों के लिए भी एक बड़ा मंच बनकर उभरा है।
युवा उद्यमियों की मौजूदगी बनी आकर्षण का केंद्र
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत लाभान्वित उद्यमियों ने भी मेले में भागीदारी निभाई। योजना से जुड़े लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि योजना ने कैसे उनके व्यवसाय को नई दिशा दी।
उद्योग विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर योजना की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, जिससे अधिक से अधिक युवा इसका लाभ ले सकें।
विभाग के अनुसार, अब तक जनपद से 4077 आवेदन पत्र बैंकों को भेजे गए हैं, जिनमें से 1440 ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं और 1444 लाभार्थियों को राशि वितरित की जा चुकी है। इस उपलब्धि के साथ अंबेडकर नगर प्रदेश में तीसरे स्थान पर है।








