
- 26 साल से ऊपर के अभ्यर्थियों को नहीं मिला मौका
- कई युवा सैकड़ों किलोमीटर से पहुंचे, लेकिन रह गए मायूस
- चयनितों को मिलेगा वेतन के साथ अन्य सुविधाएं
लखनऊ। राजधानी के आईटीआई अलीगंज में सोमवार को आयोजित रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवा रोजगार की आस में पहुंचे, लेकिन कईयों को सिर्फ निराशा ही हाथ लगी। खासकर वे अभ्यर्थी जिन्हें उम्र सीमा पार कर जाने के कारण भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया। भीषण गर्मी में दूर-दराज से पहुंचे इन युवाओं ने प्रशासनिक लापरवाही और सीमित नियमों को लेकर नाराजगी जाहिर की।
“200 किलोमीटर से आया, फिर भी इंटरव्यू का मौका नहीं मिला”
फतेहपुर जिले के विकास कुमार ने बताया, “मैं सुबह 200 किलोमीटर दूर से चलकर लखनऊ के आईटीआई अलीगंज पहुंचा। हीरो मोटोकॉर्प में नौकरी की उम्मीद थी, पर वहां जाकर पता चला कि मेरी उम्र 26 साल हो चुकी है, इसलिए इंटरव्यू में शामिल नहीं किया जा सकता। मेरे पास अभी कोई नौकरी नहीं है और इस भयंकर गर्मी में यहां तक आने का कोई मतलब नहीं रहा।”
“दूसरी कंपनियां ऑफर कर रहीं हैं कम वेतन और लंबी ड्यूटी”
अंबेडकर नगर के अरविंद पांडे ने भी अपनी निराशा जाहिर करते हुए बताया, “मैं हीरो कंपनी के लिए आया था लेकिन उम्र 25 साल से ज्यादा होने के कारण इंटरव्यू नहीं हो सका। एक और कंपनी सुजलॉन ने 12 घंटे की ड्यूटी और कम सैलरी का ऑफर दिया, जो स्वीकार करना मुश्किल है। हीरो मोटोकॉर्प में ही नौकरी चाहता था।”
अभिजीत को उम्मीद, “फ्रिज में कौन सी गैस पड़ती है?” पूछे गए सवाल
कानपुर से आए अभिजीत ने बताया कि उन्होंने ग्रेजुएशन और आईटीआई दोनों किया है। “रिटन टेस्ट के बाद मेरा इंटरव्यू हुआ जो करीब 5 मिनट चला। मुझसे पूछा गया कि फ्रिज में कौन सी गैस डाली जाती है, मैंने सही जवाब दिया। उम्मीद है कि मेरा चयन हो जाएगा। कंपनी ने 24 हजार रुपए का पैकेज बताया है, जिसमें इन हैंड करीब 17 हजार मिलेगा।”
हीरो मोटोकॉर्प में 200 पदों पर भर्ती, उम्र सीमा 26 साल
आईटीआई अलीगंज के प्रिंसिपल डॉ. राजकुमार यादव ने जानकारी दी कि रोजगार मेले में हीरो मोटोकॉर्प सहित कुल 6 कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। हीरो कंपनी हरिद्वार (उत्तराखंड) स्थित प्लांट के लिए आईटीआई पास युवाओं का चयन कर रही है। चयनित अभ्यर्थियों को करीब 24 हजार मासिक वेतन, दोपहर का भोजन, यूनिफॉर्म और मेडिकल सुविधा दी जाएगी।
ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
आईटीआई के एमए खान ने बताया कि कैंपस ड्राइव में शामिल होने के लिए युवाओं को हीरो मोटोकॉर्प के अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। सोमवार को कैंपस में सुबह 10 बजे से दस्तावेजों के साथ साक्षात्कार की प्रक्रिया चल रही है।








