
साइबर अलर्ट: ऑनलाइन एस्ट्रोलॉजर स्कैम
भारत में 60,000 करोड़ का एस्ट्रो मार्केट
अमेरिका में भी बढ़ती लोकप्रियता
नई दिल्ली: इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने सोशल मीडिया पर फैल रहे ऑनलाइन एस्ट्रोलॉजर स्कैम्स को लेकर चेतावनी जारी की है। साइबर अपराधी फेक सर्टिफाइड एस्ट्रोलॉजर बनकर लोगों को फंसाते हैं। शुरुआत में फ्री कंसल्टेशन देकर विश्वास जीतते हैं और फिर अचानक पैसे की मांग कर बैंक अकाउंट खाली कर देते हैं।
एक पीड़ित ने बताया कि फ्री कंसल्टेशन के बाद ₹10,000 का पेमेंट मांगा गया, लेकिन भुगतान करते ही बैंक अकाउंट से पूरी राशि गायब हो गई। I4C ने कहा कि लोग क्विक सॉल्यूशंस की तलाश में आसानी से फंस जाते हैं, इसलिए ऑनलाइन एस्ट्रोलॉजर्स से सावधानी बरतना जरूरी है।
भारत में एस्ट्रोलॉजी मार्केट: 60,000 करोड़ से ऊपर
रिसर्च फर्म रेडसीर स्ट्रैटेजी के अनुसार भारत में एस्ट्रोलॉजी का मार्केट 60,000 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। डिजिटल सेगमेंट में इसके अगले दशक में 10 गुना बढ़ने की उम्मीद है।
सिर्फ भारत ही नहीं, अमेरिका में भी ऑनलाइन एस्ट्रोलॉजी की लोकप्रियता बढ़ रही है। अलाइड मार्केट रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में ऑनलाइन एस्ट्रोलॉजी मार्केट करीब 3 बिलियन डॉलर का है, जो अगले पांच सालों में तीन गुना बढ़ सकता है।
सबसे पॉपुलर ज्योतिष एप्स में से एक, को-स्टार के पास 3 करोड़ रजिस्टर्ड यूजर्स हैं। वहीं, प्यू रिसर्च सेंटर की स्टडी के मुताबिक अमेरिका में लगभग 30% लोग साल में कम से कम एक बार हॉरोस्कोप, टैरो कार्ड्स या फॉर्च्यून टेलर्स से सलाह लेते हैं।
ज्योतिष अब ट्रेडिंग का हिस्सा
भारत में ज्योतिष का इस्तेमाल हमेशा जीवन के बड़े फैसलों में होता रहा है। शादी, बेबी नेम या करियर तक लोग ग्रह-नक्षत्र का ध्यान रखते हैं। लेकिन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के आने के बाद एस्ट्रोलॉजी अब स्टॉक और कमोडिटी ट्रेडिंग तक पहुंच गया है।
कमोडिटी ट्रेडर जय पटेल कहते हैं, “बुध ट्रेडिंग टाइम दिखाता है, गुरु एक्सपेंशन का सिग्नल देता है और शनि स्लोडाउन वार्निंग।” उन्होंने अपने एक ट्रेड में एस्ट्रोलॉजिकल विंडो के आधार पर कॉल ऑप्शन खरीदा और 90 गुना रिटर्न कमाया।
पटेल अब इंस्टीट्यूशनल ट्रेडर्स को अपनी सर्विस देते हैं, जिनमें ज्यादातर भारत के बाहर बेस्ड हैं। बिजनेस कंसल्टेशन के लिए वे 200 डॉलर चार्ज करते हैं और महीने के 500 डॉलर में एस्ट्रो-ट्रेडिंग डैशबोर्ड उपलब्ध कराते हैं।
सेक्टर ट्रेंड्स पर ग्रहों के आधार पर कमेंट्री के लिए CNBC आवाज और ET Now जैसे चैनल्स ज्योतिषियों को बुलाते हैं। सेलिब्रिटी ज्योतिषी चिराग दारूवाला ने जुलाई में शुक्र-शनि के मूव्स के आधार पर एनर्जी और डिफेंस स्टॉक्स में बुलिश रिटर्न की भविष्यवाणी की थी।








