
अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को पॉलिसी का झांसा देकर 4.15 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को इंश्योरेंस कंपनी का अधिकारी बताकर पीड़ित पर दबाव बनाया और डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर अलग-अलग खातों में रुपये जमा कराए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फोन कॉल से शुरू हुआ ठगी का खेल
सम्मनपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी पंचम कुमार के मोबाइल पर 6 नवंबर को एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को इंडिया फर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का अधिकारी बताया। ठग ने कहा कि पंचम की एक पॉलिसी है, जिससे एजेंट के माध्यम से 78 हजार रुपये निकाले जा सकते हैं।
एजेंट बनाने के नाम पर मांगे रुपये
ठग ने पंचम को बताया कि दो दिनों के लिए एक कोड मिलेगा, जिससे वह कंपनी का एजेंट बन जाएगा और पॉलिसी से पैसा निकाल सकेगा। इसके लिए आरटीजीएस के जरिए 24 हजार रुपये जमा करने को कहा गया। झांसे में आकर पंचम ने बताए गए खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिए।
हर दिन बढ़ती गई मांग
अगले दिन ठग ने दोबारा फोन कर जमा की गई राशि पर 10 प्रतिशत शुल्क जमा करने की बात कही। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार रुपये मांगे गए। कभी प्रोसेसिंग फीस तो कभी टैक्स के नाम पर पैसे जमा कराए जाते रहे।








