क्लास 6 के छात्र ने की खुदकुशी- टीचर ने छीनी थी जन्मदिन की चांदी की चेन

  • जन्मदिन पर मिली चेन पहनकर गया था स्कूल
  • टीचर ने जब्त की चेन, मां को बुलाने की शर्त रखी
  • डांट के डर से फंदे से लटका स्वास्तिक

कानपुर। दादानगर कॉलोनी में मंगलवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा 6 में पढ़ने वाले 11 वर्षीय छात्र स्वास्तिक ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। स्वास्तिक स्कूल अपनी जन्मदिन पर मिली चांदी की चेन पहनकर गया था, जिसे टीचर ने जब्त कर लिया। टीचर ने शर्त रखी थी कि मां को लेकर आओगे तब चेन मिलेगी। डांट के डर से स्वास्तिक इतना डर गया कि उसने स्कूल यूनिफॉर्म में ही गेट के कुंडे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

घर में मिली लटकी हुई लाश, दादी ने देख चीख लगाई

घटना शाम करीब 3 बजे की है। स्कूल से लौटने के बाद स्वास्तिक अपने कमरे में चला गया। दादी ने खाना खाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन जवाब नहीं मिला। जब दरवाजा खोला गया, तो वह पंखे के कुंडे से लटका मिला। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मां थी स्कूल में, पिता थे इटावा में

घटना के वक्त मां पूजा शर्मा एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ा रही थीं और पिता ऋषि शर्मा काम के सिलसिले में इटावा गए हुए थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर पहुंचे और रोते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ तहरीर दी।

बर्थडे पर मिली थी चेन, स्कूल में पहनने से मना किया था

पिता ने बताया कि 27 मई को स्वास्तिक का जन्मदिन था, उस दिन उसे खास तौर पर चांदी की चेन गिफ्ट में दी गई थी। लेकिन परिवार ने उसे स्कूल में पहनने से मना किया था। बावजूद इसके मंगलवार को वह चेन पहनकर स्कूल चला गया।

टीचर की डांट से बच्चा डर गया था

पिता ने आरोप लगाया कि स्कूल में एक झगड़े के बाद टीचर ने चेन छीन ली और कहा कि मां आएंगी तभी मिलेगी। इससे बच्चा डर गया और आत्महत्या कर ली। स्वास्तिक के दोस्त ने भी बताया कि वह छुट्टी के बाद बहुत डरा हुआ लग रहा था।

स्कूल प्रबंधन ने नहीं दी कोई सफाई

घटना के बाद स्कूल में शोक के कारण छुट्टी कर दी गई। दैनिक भास्कर की टीम स्कूल पहुंची तो वहां मौजूद टीचर्स ने घटना पर कोई बयान देने से मना कर दिया।

इंस्पेक्टर बोले- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच जारी

गोविंदनगर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

पीएम मोदी से मिले गूगल सीईओ सुंदर पिचाई, AI सहयोग पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। Google के सीईओ Sundar Pichai ने 18 फरवरी को प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात की। पीएम मोदी ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि भारत में…

Continue reading
गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में युवती से दुष्कर्म की कोशिश

गोरखपुर। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी प्रथम श्रेणी कोच में एक 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी टीटीई राहुल कुमार को रेलवे प्रशासन ने…

Continue reading