
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर जनपद के प्रतिष्ठित शैक्षिक संस्थान डीएवी पब्लिक स्कूल, आशोपुर में नेतृत्व का नया अध्याय शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश क्षेत्र-ई के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी, शिक्षाविद् और अनुभवी प्रशिक्षक डॉ. डी.के. मिश्रा ने 1 जुलाई को विद्यालय के प्रधानाचार्य के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया। उनके आगमन से शैक्षिक गुणवत्ता और नवाचार के क्षेत्र में नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
डॉ. मिश्रा विज्ञान में एम.एससी., शिक्षा में पीएच.डी. एवं बी.एड. जैसे शैक्षिक उपाधियों से सुशोभित हैं। पादप ऊतक संवर्धन (Plant Tissue Culture) में उनके द्वारा किए गए शोध राष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हो चुके हैं और शिक्षण विधाओं में नवाचार हेतु वे लगातार चर्चित रहे हैं। उनके नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों ने पहले भी उल्लेखनीय प्रगति की है।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ संवाद कर एक सकारात्मक शैक्षिक वातावरण का संकल्प लिया। डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट किया कि उनका ध्यान केवल शैक्षणिक प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छात्रों के सर्वांगीण विकास पर रहेगा। उन्होंने बताया कि गतिविधि-आधारित शिक्षण, कला एकीकरण, योग्यता आधारित मूल्यांकन और नैतिक शिक्षा को पाठ्यचर्या में समाहित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी समय में विद्यालय में कौशल आधारित पाठ्यक्रम आरंभ किए जाएंगे, जिससे छात्र न केवल परीक्षा में सफल हों, बल्कि जीवन की चुनौतियों के लिए भी तैयार हों। उन्होंने खेल को शिक्षा का आवश्यक घटक मानते हुए कहा कि डीएवी स्पोर्ट्स, भारत सरकार के युवा मामलों के मंत्रालय से संबद्ध है, जो छात्रों को राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिस्पर्धा में पहुँचने का अवसर देता है।








