
लखनऊ। लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सुबह करीब 4 बजे की है, जब एक डीसीएम और अज्ञात वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और ड्राइवर-कंडक्टर के शव वाहन के केबिन से बाहर लटके मिले।
हादसे में जान गंवाने वाले डीसीएम चालक की पहचान राममोहन के रूप में हुई है, जो सीतापुर जिले के थाना मोहाली क्षेत्र स्थित भूखड़ उरदोली गांव का निवासी था। वहीं कंडक्टर की पहचान राजू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राममोहन और राजू डीसीएम लेकर किसान पथ होते हुए काकोरी से मोहनलालगंज की ओर जा रहे थे, तभी दरोगा खेड़ा के पास कानपुर रोड पर यह हादसा हो गया।
टक्कर के बाद बुरी तरह फंसे शव
हादसे के बाद डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के कारण दोनों व्यक्ति वाहन के केबिन में ही फंसे रहे और उनका शरीर बाहर की ओर लटका हुआ मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची सरोजनी नगर पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
हादसे के पीछे का वाहन अब तक अज्ञात
पुलिस के अनुसार, डीसीएम से टकराने वाला वाहन घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और अन्य माध्यमों से भी उस अज्ञात वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
सरोजनी नगर थाने के प्रभारी ने बताया कि मामला गंभीर है और जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि टक्कर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुई है। पुलिस तकनीकी सहायता से फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।








