नई दिल्ली। चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने IPL से रिटायरमेंट की अटकलों पर विराम लगा दिया है। एक पॉडकास्ट बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी उनके खेल को अलविदा कहने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा, “मैं अभी भी टूर्नामेंट का हिस्सा हूं, इसलिए संन्यास का सवाल ही नहीं उठता।”
पूर्व भारतीय कप्तान ने यह भी जोड़ा कि वह हर साल खुद को एक मौका देते हैं यह देखने के लिए कि उनका शरीर कितना साथ दे रहा है। उन्होंने कहा, “मैं इस समय 43 का हूं और अगले साल यानी IPL 2025 के अंत तक 44 हो जाऊंगा। उसके बाद मेरे पास करीब 10 महीने का समय होगा यह तय करने के लिए कि क्या मैं आगे खेल सकता हूं या नहीं। मगर इसका फैसला मेरा शरीर करेगा।”
मैच में माता-पिता की मौजूदगी से उठे सवाल
हाल ही में हुए एक मैच के दौरान धोनी के माता-पिता पहली बार स्टेडियम में नजर आए, जिससे यह कयास लगने लगे कि यह उनके करियर का आखिरी मैच हो सकता है। हालांकि, टीम के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने इन अटकलों को खारिज करते हुए साफ कहा कि उन्हें धोनी के रिटायरमेंट को लेकर कोई जानकारी नहीं है।
फिटनेस को लेकर कोच का बयान
टीम कोच ने यह भी जानकारी दी थी कि धोनी के घुटने अब पहले जैसे नहीं रहे और यही कारण है कि वह लंबे समय तक क्रीज पर टिककर नहीं खेल पा रहे हैं। उनकी बल्लेबाज़ी पोजीशन भी इसी हिसाब से तय की जाती है।
IPL में धोनी के रिकॉर्ड बेजोड़
धोनी अब तक आईपीएल में सबसे ज्यादा 267 मुकाबले खेल चुके हैं, और विकेट के पीछे भी उनकी भूमिका शानदार रही है। उन्होंने 44 स्टंपिंग और 152 कैच के साथ रिकॉर्ड कायम किया है। बल्लेबाज़ी में भी उनका प्रदर्शन दमदार रहा है—5289 रन और 24 अर्धशतक उनके नाम हैं।
कप्तानी में रच चुके हैं इतिहास
धोनी आईपीएल में 100 मुकाबले जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं। उन्होंने 226 मैचों में टीम की अगुवाई की है, जिनमें 133 में जीत और 91 में हार मिली है। 2023 में वह CSK को एक बार फिर चैंपियन बनाकर कप्तानी से हटे थे।








