
- 6 मई तक छात्र कर सकेंगे आवेदन में सुधार
- शिक्षण संस्थानों को 13 मई तक करना होगा ऑनलाइन सत्यापन
- त्रुटिपूर्ण आवेदन करने वाले छात्रों को दी गई अंतिम मौका
अम्बेडकरनगर । अनुसूचित जाति और जनजाति के विद्यार्थियों के लिए संचालित दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 के तीसरे चरण की समय-सीमा शासन द्वारा निर्धारित कर दी गई है। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे तय कार्यक्रम के तहत सभी आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें।
29 अप्रैल से त्रुटि सुधार की प्रक्रिया शुरू
जिला समाज कल्याण अधिकारी विक्रम कौशल ने बताया कि छात्रवृत्ति पोर्टल पर छात्रों द्वारा किए गए आवेदनों में त्रुटियों को सुधारने की प्रक्रिया 29 अप्रैल से आरंभ हो चुकी है, जो 6 मई 2025 तक चलेगी। इस अवधि में छात्र अपने लॉगिन के माध्यम से त्रुटियों को संशोधित कर आवश्यक प्रमाण पत्र अपलोड कर सकते हैं।
13 मई तक संस्थानों को करना होगा सत्यापन
संशोधित आवेदनों के आधार पर शिक्षण संस्थानों को संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कर ऑनलाइन आवेदन को पुनः अग्रसारित करना होगा। यह प्रक्रिया 13 मई तक पूर्ण करनी होगी। शासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब की स्थिति में संबंधित संस्थान की जवाबदेही तय की जाएगी।
NIC द्वारा डेटा परीक्षण 14 से 21 मई के बीच
संशोधित डेटा का तकनीकी परीक्षण राज्य स्तर पर एनआईसी की इकाई द्वारा 14 मई से 21 मई के बीच किया जाएगा। परीक्षण के उपरांत शुद्ध एवं संदेहास्पद डेटा पोर्टल पर प्रदर्शित किया जाएगा।








