
- आगरा में साइबर ठगों ने 10 दिन तक रिटायर्ड इंजीनियर को रखा शिकार
- ठगों ने धमकाकर 15.80 लाख रुपए ट्रांसफर कराए
- वॉट्सऐप कॉल से धमकी और जेल भेजने की चेतावनी
आगरा। आगरा में एक चौंकाने वाला डिजिटल अरेस्ट का मामला सामने आया है, जिसमें साइबर क्रिमिनल्स ने एक रिटायर्ड इंजीनियर को 10 दिन तक डर और दहशत में रखा। यहसिकंदरा थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 की है, जहां एसके शर्मा (79) नामक रिटायर्ड इंजीनियर के साथ साइबर ठगों ने धोखाधड़ी की। उनके बेटे, जो वायुसेना में अधिकारी हैं, ने पुलिस को बताया कि 25 मार्च को अनजान नंबर से एक वॉट्सऐप कॉल आई, जिसमें उन्हें जेल भेजने की धमकी दी गई। ठगों ने कहा कि उन्होंने 50 लाख रुपए उधार लेकर नहीं लौटाए हैं और इस मामले की जांच ED (प्रवर्तन निदेशालय) कर रहा है। इसके बाद, उन्हें बार-बार धमकाकर पैसे ट्रांसफर कराए गए।
साइबर ठगों ने अलग-अलग नंबरों से की धमकी
ठगों ने एसके शर्मा को लगातार धमकियां दीं और कहा कि अगर वह घर से बाहर गए या किसी से बात की, तो उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। इस भय के चलते, वह 4 अप्रैल तक घर से बाहर नहीं निकले। इस दौरान साइबर ठगों ने एसके शर्मा से कुल 15.80 लाख रुपए ठग लिए। रकम चेक के माध्यम से उनके खातों से ट्रांसफर कराई गई।
साइबर अपराधियों ने लगातार हर घंटे दो बार कॉल की, जिससे एसके शर्मा को यह विश्वास हो गया कि कुछ गंभीर हो गया है। 25 मार्च से लेकर 4 अप्रैल तक कई बार अलग-अलग नंबरों से कॉल करके ठगों ने रकम जमा करवाई। उन्होंने एसके शर्मा को बार-बार बताया कि किसी को बताने पर उन्हें जेल भेज दिया जाएगा।








