
- रैंकिंग सुधार के लिए तय हुई रणनीति, धीमी प्रगति पर जताया असंतोष
- लापरवाही पर चेतावनी, जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
- पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर, फील्ड स्तर पर निगरानी के निर्देश
अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में “सीएम डैशबोर्ड” के माध्यम से विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और आवश्यकतानुसार जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी विभागों को प्रदेश स्तर पर जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाने हेतु समर्पण और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
समाज कल्याण से लेकर प्रधानमंत्री आवास तक की हुई गहन पड़ताल
बैठक में समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा, पंचायती राज, महिला कल्याण, बाल विकास, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, श्रम, कृषि, विद्युत, लोक निर्माण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक योजना की फील्ड स्तर पर निगरानी की जाए और जनसामान्य की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि समाधान की प्रविष्टि संबंधित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं की पहुँच प्रत्येक लाभार्थी तक सुनिश्चित होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि जिन विभागों की सीएम डैशबोर्ड पर रैंकिंग कम है, उन्हें विशेष रूप से सुधारात्मक कार्य करना होगा। संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभाग की प्रगति का मूल्यांकन नियमित रूप से करें और आवश्यक रणनीति बनाकर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।








