
- जिलाधिकारी ने सीएचसी जहांगीरगंज का औचक निरीक्षण
- स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और टीकाकरण पर जोर
- आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए कैंप लगाने के निर्देश
अम्बेडकरनगर । (जनपद अम्बेडकरनगर के जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने 21 अगस्त को अपराह्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जहांगीरगंज एवं विकासखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड निर्माण, मनरेगा, आवास, जल जीवन मिशन समेत कई योजनाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएचसी पर स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा
सीएचसी जहांगीरगंज में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एएनएम, सीएचओ, आशा और आशा संगिनियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वीएचएनडी सत्रों को नियमित रूप से आयोजित करने, टीकाकरण शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने और छूटे हुए बच्चों को चिन्हित कर तत्काल टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई, भवन की रंगाई-पुताई और वॉल पेंटिंग को और बेहतर बनाने के आदेश भी दिए गए। उन्होंने खराब पड़ी वीपी मशीन, थर्मामीटर और वेइंग मशीन को तत्काल बदलने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड निर्माण को दी प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनवाने के लिए कैंप लगाकर अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्ड निर्माण की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
लापरवाही पर वेतन रोका, प्रतिकूल प्रविष्टि के आदेश
निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट द्वारा स्टॉक रजिस्टर में गलत जानकारी देने पर जिलाधिकारी ने उसका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार विकासखंड निरीक्षण के दौरान नरवा पितांबरपुर के पंचायत सचिव द्वारा पंचायत भवन में विद्युत आपूर्ति और सोलर पैनल न लगाए जाने की स्थिति पर प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए गए।








