
- जिलाधिकारी की अध्यक्षता में छात्रवृत्ति योजनाओं पर अनुश्रवण समिति की बैठक
- सभी पात्र छात्रों को योजनाओं से जोड़ने पर ज़ोर
- मास्टर डाटा अपडेट और OTR अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश
अंबेडकरनगर। जनपद में संचालित पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रभावी संचालन, समयबद्ध आवेदन और पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सोमवार को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अकबरपुर के सभागार में अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के केंद्र में यह सुनिश्चित करना रहा कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में किसी भी पात्र छात्र या छात्रा को छात्रवृत्ति योजना से वंचित न होना पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित समयसारणी के अनुरूप जिले के सभी संस्थानों को अपना मास्टर डाटा समय से अपडेट करना होगा और प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि छात्रों के बैंक खातों को NPCI से लिंक कराना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए ताकि छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे लाभार्थियों को प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्र-छात्राएं 31 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के लिए अंतिम तिथि 20 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। उन्होंने संस्थानों को निर्देशित किया कि आवेदन प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों में भ्रम की स्थिति न बनने पाए और सभी को समय रहते जानकारी मिल सके।
बैठक में रमाबाई राजकीय महिला महाविद्यालय की प्राचार्या (नोडल अधिकारी – उच्च शिक्षा), जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित जिले के समस्त शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य व नोडल अधिकारी मौजूद रहे।








