
अम्बेडकर नगर। विकास खंड रामनगर में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने ग्राम पंचायत सचिवों, पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक की। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए और लापरवाह कर्मियों पर सख्त कार्यवाही की जाए।
जन समस्याओं का गुणवत्तापरक समाधान सुनिश्चित करें: डीएम
बैठक की शुरुआत में डीएम ने ग्राम सचिवों को निर्देशित किया कि ग्रामवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समाधान समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की किसी भी योजना से कोई पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया गया।
फार्मर रजिस्ट्री और फैमिली आईडी अभियान में तेजी के निर्देश
जिलाधिकारी ने पंचायत सहायकों से समन्वय कर फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने को कहा। साथ ही फैमिली आईडी बनाने के लिए ग्राम सचिवों और सहायकों को हर पात्र परिवार की पहचान कर रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए। कार्य में लापरवाही बरतने वाले पंचायत सहायकों पर कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वच्छता और जलभराव के खिलाफ विशेष अभियान
सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को ग्रामीण बाजारों व जलभराव वाले स्थानों की सूची बनाकर सफाई कर्मचारियों की गैंग लगाकर नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के तहत गांवों में पानी की गुणवत्ता व आपूर्ति की स्थिति की जांच करने को कहा गया।
गोल्डन कार्ड और पेंशन योजनाओं की स्थिति की समीक्षा
एमओआईसी को निर्देशित किया गया कि पंचायत सहायकों के सहयोग से 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र नागरिकों के गोल्डन कार्ड बनवाए जाएं। साथ ही वृद्धा, महिला निराश्रित व दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं से शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को जोड़ने के निर्देश दिए गए।








