
लखनऊ, संवाददाता। केसरी खेड़ा वार्ड स्थित विक्रम नगर में पिछले तीन दिनों से पेयजल संकट गहराने से सैकड़ों परिवार परेशान हैं। ट्यूबवेल पंप ठप होने के कारण लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। शनिवार को आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने जलकल विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
स्थानीय निवासियों लालता प्रसाद, परमलाल, ललित बहादुर, तेजू, पवन, श्रीराम, कुसलेश, सरवन, उमाशंकर, कटोरी, सरला शर्मा, खुशबू शर्मा, धर्मावती, सीमा देवी और दिलीप कुमार ने बताया कि ट्यूबवेल पंप तीन दिनों से बंद पड़ा है। मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने और कोई वैकल्पिक व्यवस्था न होने से कॉलोनी के लोग पानी के लिए दर-दर भटक रहे हैं।
रिहायशी क्षेत्र में समर सेबिल पंप न होने के कारण संकट और बढ़ गया है। पार्षद को जानकारी देने के बाद अस्थायी तौर पर पानी के टैंकर भेजे गए, लेकिन सीमित पानी भी लोगों की परेशानी कम नहीं कर सका। महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क से बाल्टियों और डिब्बों में पानी भरकर घर तक ले जाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ट्यूबवेल की मरम्मत नहीं हुई, तो वे जलकल कार्यालय का घेराव करेंगे और विरोध प्रदर्शन तेज करेंगे।
इस संबंध में जलकल विभाग जोन-5 के अधिशासी अभियंता ओमप्रकाश तिवारी ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया। वहीं, केसरी खेड़ा वार्ड के पार्षद देवेंद्र सिंह ‘जीतू’ ने बताया कि उन्होंने कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पार्षद के अनुसार, अवर अभियंता डी.बी. सिंह ने अब फोन उठाना भी बंद कर दिया है, जिससे अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं। पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि तुरंत कार्रवाई नहीं हुई, तो यह मामला बड़े जन आंदोलन का रूप ले सकता है, क्योंकि पूरा क्षेत्र पानी के लिए बेहाल है।








