स्वास्थ्य और पोषण की दोहरी मुहिम शुरू

अम्बेडकरनगर में जुलाई से घर-घर पहुंचेगा जागरूकता अभियान

अम्बेडकरनगर। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और मातृ-शिशु पोषण को लेकर बुधवार से दो बड़े अभियान एक साथ शुरू हो गए। कलेक्ट्रेट परिसर से कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान और सम्भव अभियान 6.0 का शुभारंभ करते हुए जागरूकता रैली और प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा (साधु वर्मा), कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अभियान से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को संचारी रोग नियंत्रण और पोषण सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।

एक माह रोग नियंत्रण, तीन माह पोषण सुरक्षा पर अभियान

विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेंगे। वहीं सम्भव अभियान 6.0 1 जुलाई से 30 सितंबर तक संचालित होगा। दोनों अभियानों के तहत स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज और अन्य विभाग मिलकर जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button