
- हेलिकॉप्टर में सवार दोनों पायलट सुरक्षित
- सरसावा एयरबेस से भेजा गया दूसरा हेलिकॉप्टर
- एक घंटे की मरम्मत के बाद हेलिकॉप्टर ने फिर भरी उड़ान
सहारनपुर। शुक्रवार शाम उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक बड़ा हादसा टल गया जब सेना के अपाचे अटैक हेलिकॉप्टर की तकनीकी खराबी के चलते आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए हेलिकॉप्टर को सहारनपुर के जोधेबांस गांव के बाहर यमुना किनारे एक खाली खेत में सुरक्षित उतार लिया। हेलिकॉप्टर में सवार दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना करीब शाम 4 बजे की है। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद कुछ ही देर में सेना और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ हेलिकॉप्टर को देखने के लिए वहां उमड़ पड़ी।
करीब आधे घंटे बाद सरसावा एयरबेस से एक और हेलिकॉप्टर मदद के लिए भेजा गया। तकनीकी टीम ने मौके पर ही हेलिकॉप्टर की जांच और मरम्मत की। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद खराबी को दूर कर लिया गया और हेलिकॉप्टर ने दोबारा उड़ान भरी।
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय युवक अमन कुमार ने बताया, “मैं गाड़ी से घर जा रहा था। तभी आसमान में हेलिकॉप्टर को नीचे आते देखा। मैं गाड़ी उसी दिशा में मोड़ कर पहुंचा तो देखा कि वह खेत में खड़ा था। लोग उसे देखने के लिए जुट रहे थे। थोड़ी देर में दो पायलट बाहर निकले।”
भारतीय सेना के बेड़े में शामिल अपाचे अटैक हेलिकॉप्टर एक अत्याधुनिक लड़ाकू विमान है, जिसे दुश्मन के ठिकानों पर सटीक और घातक हमले के लिए डिजाइन किया गया है। यह हेलिकॉप्टर विशेष ऑपरेशनों में बेहद अहम भूमिका निभाता है।








