आगरा में 40 केंद्रों पर परीक्षा शुरू- 18 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी ले रहे हिस्सा

  • आगरा में UPSC प्रीलिम्स 2025 के लिए 40 केंद्रों पर परीक्षा शुरू
  • 18,028 अभ्यर्थी शामिल, सुबह 9 बजे तक मिली केंद्र में एंट्री
  • डीएम ने ट्रैफिक जाम को लेकर एडवाइजरी जारी की

आगरा। आगरा में रविवार को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 शांतिपूर्वक माहौल में शुरू हो गई। परीक्षा के लिए शहर में कुल 40 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 18,028 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9 बजे तक ही एंट्री दी गई, जिसके बाद गेट बंद कर दिए गए।

तलाशी के बाद दी गई एंट्री, दो पालियों में हो रही परीक्षा

प्रथम पाली का पेपर सुबह 9:30 से 11:30 तक और दूसरी पाली का पेपर दोपहर 2:30 से 4:30 तक होगा। केंद्रों पर एंट्री परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले ही दी जाएगी। प्रवेश के समय सभी अभ्यर्थियों की तलाशी ली गई। इस दौरान कई केंद्रों पर छात्रों की भीड़ के चलते मार्गों पर हल्का जाम भी देखने को मिला।

15 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 40 निरीक्षक कर रहे निगरानी

परीक्षा व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 40 लोकल इंस्पेक्टिंग अफसर, 40 सहायक व 39 पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई है। प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है।

डीएम ने जनता को किया आगाह, अनावश्यक न निकलें बाहर

जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने वीडियो संदेश जारी कर आम जनता से अपील की है कि परीक्षा के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। परीक्षा केंद्रों पर भीड़ होने की वजह से मुख्य मार्गों पर जाम की संभावना बनी हुई है। एमजी रोड, खंदारी, दयालबाग मार्ग, सिकंदरा और बोदला जैसे इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

मेट्रो कार्य बना परेशानी की वजह, पुलिस ने खोले कट

एमजी रोड पर चल रहे मेट्रो कार्य के चलते ट्रैफिक काफी प्रभावित हो रहा है। जगह-जगह की गई बैरीकेडिंग से सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे भारी जाम लगने की आशंका बनी हुई है। हालांकि, रविवार को अवकाश के चलते सामान्य यातायात कम रहने की संभावना है। फिर भी पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों और अतिरिक्त कट खोलकर तैयारी की है।

हाईवे पर बढ़ी सतर्कता, अभ्यर्थियों को किया गया अलर्ट

जिला प्रशासन ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा समाप्ति के समय हाईवे पर विशेष सतर्कता बरती जाए। भगवान टॉकीज, रामबाग और सिकंदरा तिराहे जैसे प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सड़क पर खड़े होकर वाहन का इंतजार न करें, इससे ट्रैफिक बाधित होता है।

परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो, इसके लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां कर ली हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरा परीक्षा आयोजन किया जा रहा है।

Related Posts

पीएम मोदी से मिले गूगल सीईओ सुंदर पिचाई, AI सहयोग पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। Google के सीईओ Sundar Pichai ने 18 फरवरी को प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात की। पीएम मोदी ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि भारत में…

Continue reading
गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में युवती से दुष्कर्म की कोशिश

गोरखपुर। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी प्रथम श्रेणी कोच में एक 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी टीटीई राहुल कुमार को रेलवे प्रशासन ने…

Continue reading