फतेहपुर सीकरी में किसान नेता नजरबंद: SDM से भिड़े

आगरा। फतेहपुर सीकरी मंडी में अपनी फसल के साथ आत्मदाह की चेतावनी देने वाले किसान नेता मुकेश डांगुर को पुलिस-प्रशासन ने शनिवार को नजरबंद कर दिया। पहले उन्हें उनके घर पर रोका गया, फिर बाद में किरावली तहसील कार्यालय लाया गया। यहां SDM नीलम तिवारी से उनकी तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

किसानों को उचित मूल्य न मिलने से नाराजगी
किसान नेता मुकेश डांगुर कई दिनों से फतेहपुर सीकरी और अछनेरा मंडी में किसानों को फसल का उचित मूल्य दिलाने और बिचौलियों की दलाली खत्म करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वह अपनी फसल को आग लगाकर आत्मदाह करेंगे।

प्रशासन हुआ अलर्ट, सुबह से ही नजरबंद
उनकी घोषणा के बाद प्रशासन सतर्क हो गया। शनिवार सुबह ही पुलिस ने उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया और बाद में तहसील कार्यालय लाकर नजरबंद रखा। इसी दौरान SDM नीलम तिवारी से उनकी काफी तीखी नोकझोंक हुई।

‘आप झूठ बोल रही हैं’—किसान नेता का आरोप
बहस के दौरान मुकेश डांगुर ने SDM पर आरोप लगाया कि वे झूठ बोल रही हैं। उन्होंने कहा, “आप मेरे साथ मेरे खेत चलिए, मैं सबूत दिखाता हूं।”

SDM का पक्ष
SDM किरावली नीलम तिवारी ने बताया कि मुकेश डांगुर पर आरोप है कि उन्होंने हाल ही में अछनेरा मंडी में गल्ला व्यापारियों के साथ अभद्रता की थी। इस संबंध में व्यापारियों ने ACP अछनेरा और थानाध्यक्ष को शिकायती पत्र दिया है। इसके अलावा, फतेहपुर सीकरी मंडी में मुकेश डांगुर द्वारा लाया गया 150 क्विंटल बाजरा उनके खेत का नहीं था, इस पर भी शिकायत दर्ज हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button