जलालपुर तहसील परिसर में किसानों का प्रदर्शन

अंबेडकरनगर। भारतीय किसान यूनियन (आरा) ने मंगलवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जलालपुर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों और किसानों ने तहसील अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इसके बाद तहसीलदार निखिलेश कुमार को 15 सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

राजस्व अभिलेख की त्रुटि को लेकर उठाई आपत्ति

ज्ञापन में ग्राम सभा शिवपाल की गाटा संख्या 1089 का मामला प्रमुखता से उठाया गया। संगठन का आरोप है कि यह भूमि रामकिशोर की खतौनी में दर्ज होने के बावजूद यूपीआड अभिलेख में गलत तरीके से दर्ज कर दी गई है। किसानों ने इस त्रुटि को तत्काल ठीक कर संबंधित किसान को न्याय दिलाने की मांग की।

निर्माण कार्य में बाधा का भी उठाया मुद्दा

भाकियू ने ग्राम सभा शहरी की गाटा संख्या 1057 से जुड़े विवाद को भी प्रशासन के सामने रखा। संगठन के अनुसार यह भूमि रेखा पत्नी लालचंद के नाम बैनामा है और वह उस पर पक्का मकान बनाकर काबिज हैं। आरोप लगाया गया कि शेष भूमि पर निर्माण के दौरान राहुल नामक व्यक्ति अनावश्यक हस्तक्षेप कर कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहा है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्माण कार्य सुचारु रूप से कराने की मांग की।

यूरिया के साथ अन्य उत्पाद बेचने पर जताई नाराजगी

मांगपत्र में निजी खाद दुकानों पर यूरिया के साथ जिंक, सल्फर और अन्य उत्पादों की अनिवार्य बिक्री का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों का कहना है कि उन्हें जरूरत के अनुसार केवल यूरिया उपलब्ध कराया जाए। अतिरिक्त उत्पाद खरीदने के लिए दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button