गाजियाबाद की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग

12 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

  • गाजियाबाद की केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग
  • 12 दमकल गाड़ियों ने एक घंटे में पाया काबू
  • 3 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुआं
  • शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

गाजियाबाद के बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में बुधवार को भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

3 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुआं

फैक्ट्री में लगी आग से उठता काला धुआं करीब 3 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। फ्लाईओवर से गुजर रहे लोगों ने घटना के वीडियो भी बनाए।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए।

12 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि शाम 4:02 बजे फायर विभाग को आग लगने की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही घंटाघर कोतवाली फायर स्टेशन से 5 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इसके अलावा वैशाली, मोदीनगर और नोएडा से भी 7 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया।

आग बुझाने के लिए वाटर ब्राउजर और फोम टैंकर का भी इस्तेमाल किया गया।

एक घंटे में आग पर पाया गया काबू

फायर विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फिलहाल फैक्ट्री परिसर में कूलिंग का कार्य जारी है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, फायर विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।

इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button