टूटे पैर वाली 73 वर्षीय दादी को ठेले पर लादकर बैंक पहुंचा पोता

पेंशन निकालने के लिए बैंक ने मांगी मौजूदगी, धूप में ठेले पर ले जानी पड़ी बुजुर्ग महिला

फर्रुखाबाद। जिले में एक बुजुर्ग महिला को पेंशन निकालने के लिए ठेले पर लादकर बैंक ले जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बैंकिंग व्यवस्था और बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

फतेहगढ़ क्षेत्र के हाथी खान मोहल्ले की रहने वाली 73 वर्षीय किशन प्यारी को उनके बेटे और पोते ने ठेले पर लिटाकर बैंक पहुंचाया। बुजुर्ग महिला का एक सप्ताह पहले पैर टूट गया था, जिसके कारण वह चलने-फिरने में असमर्थ हैं।

परिजनों के अनुसार, पेंशन की राशि निकालने के लिए बैंक अधिकारियों ने महिला की मौजूदगी और अंगूठे के सत्यापन की बात कही थी। इसके बाद बेटा संजीव पाल और पोता मनु पाल उन्हें ठेले पर लादकर बैंक ले गए।

वायरल वीडियो में किशन प्यारी ठेले पर छाता लगाकर लेटी हुई दिखाई दे रही हैं। तेज धूप और गर्मी के बीच वह दर्द से कराहती नजर आ रही हैं। रास्ते में उन्हें पानी भी पिलाया जा रहा था। बेटा ठेला खींच रहा था, जबकि पोता साथ-साथ चल रहा था।

परिवार ने बताया कि किशन प्यारी के पति बिजली विभाग में कार्यरत थे। करीब 26 वर्ष पहले उनके निधन के बाद से उन्हें पेंशन मिल रही है। वर्तमान में वह अपने बेटे संजीव पाल के साथ रहती हैं, जो ठेले से ढुलाई का काम करते हैं। वहीं पोता मनु पाल एक गायक है और अपने गीतों के वीडियो सोशल मीडिया एवं यूट्यूब पर साझा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button