ट्विशा शर्मा मौत मामला: CBI ने सास और पति को कोर्ट में किया पेश

आमने-सामने पूछताछ की तैयारी

  • ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI की कार्रवाई तेज
  • सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ कोर्ट में पेश
  • आमने-सामने पूछताछ के लिए 5 दिन की रिमांड मांगी

भोपाल। एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच तेज करते हुए सीबीआई ने उनकी सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को कोर्ट में पेश किया है। जांच एजेंसी ने दोनों की 5-5 दिन की रिमांड मांगी है। सीबीआई का कहना है कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करना जरूरी है।

सीबीआई ने गिरिबाला सिंह को गुरुवार को करीब 7 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी ने 25 मई की रात इस मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज की थी। इसके अगले दिन 26 मई को सीबीआई की टीम पहली बार बाग मुगलिया एक्सटेंशन स्थित गिरिबाला सिंह के घर पहुंची थी, जहां अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक पूछताछ की।

मौत वाली रात की घटनाओं की पड़ताल

सीबीआई टीम ने ट्विशा शर्मा की मौत वाली रात घर में मौजूद लोगों की गतिविधियों, घटना के बाद उठाए गए कदमों और पूरे घटनाक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई। इससे पहले ट्विशा के पति समर्थ सिंह को भी सीबीआई रिमांड पर ले चुकी है।

जांच एजेंसी अब “टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन” तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। इसके तहत ट्विशा के आखिरी घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार किया जा रहा है, ताकि घटना से पहले और बाद की हर गतिविधि को मिनट-दर-मिनट समझा जा सके।

डिजिटल एविडेंस खंगाल रही CBI

28 मई की सुबह करीब साढ़े 10 बजे सीबीआई की टीम एक बार फिर गिरिबाला सिंह के घर पहुंची। यहां 7 घंटे से ज्यादा समय तक लगातार पूछताछ की गई। तीन दिनों में करीब 10 घंटे चले सवाल-जवाब के दौरान एजेंसी ने पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की।

स्पॉट वेरिफिकेशन के दौरान जांच एजेंसी को ऐसे संकेत मिले, जिनसे सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका मजबूत हुई। इसी आधार पर गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया गया।

अब सीबीआई कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल टावर लोकेशन और अन्य डिजिटल एविडेंस की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि घटना की रात किन लोगों से संपर्क किया गया था और मौत के बाद घटनास्थल पर क्या बदलाव किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button