
- वाराणसी कैंट स्टेशन पर जीआरपी ने की बड़ी कार्रवाई
- न्यायालय के आदेश पर 650 लीटर अवैध शराब नष्ट
- बुलडोजर और जेसीबी से बोतलों को कुचलकर किया गया निस्तारण
वाराणसी। वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने रविवार को अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब साढ़े 600 लीटर शराब को बुलडोजर और जेसीबी मशीनों की मदद से नष्ट कर दिया। यह शराब बिहार में तस्करी के दौरान पकड़ी गई थी और न्यायालय के निर्देश पर सार्वजनिक रूप से इसका निस्तारण किया गया।
पूरी कार्रवाई कोर्ट की देखरेख में और सुरक्षा के सख्त इंतजामों के बीच की गई। पुलिस प्रशासन ने मौके पर मौजूद रहकर यह सुनिश्चित किया कि निस्तारण प्रक्रिया में कोई अव्यवस्था न हो।
कोर्ट के आदेश पर हुई नष्टिकरण की कार्रवाई
वाराणसी कैंट रेलवे क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रताप सिंह ने बताया कि यह अवैध शराब अलग-अलग प्लेटफार्मों से विभिन्न समयों पर पकड़ी गई थी, जिसे बिहार भेजने की तैयारी थी। उन्होंने कहा, “न्यायालय के आदेशानुसार यह कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी अवैध शराब के खिलाफ ऐसे अभियान चलाए जाते रहेंगे।”
ये भी पढ़ें-वाराणसी कैंट स्टेशन पर लगेगा नंदी का स्टैच्यू
तस्करों में मचा हड़कंप
करीब साढ़े छह सौ लीटर शराब को मौके पर ही जेसीबी मशीन से कुचलकर नष्ट किया गया। जीआरपी की इस सख्त कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है। अधिकारी ने बताया कि स्टेशन परिसर में लगातार चेकिंग अभियान जारी है ताकि वाराणसी के रास्ते बिहार में अवैध शराब तस्करी रोकी जा सके।








