नई दिल्ली। गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद सहारुल इस्लाम के रूप में हुई है। वह असम का रहने वाला बताया जा रहा है। ATS ने उसे वडोदरा के जारोड बस स्टेशन के पास एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से एक AK-47 राइफल और 20 से ज्यादा जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गुजरात ATS के अधिकारियों के मुताबिक, मामले में बड़ा ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क तथा संभावित आतंकी गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
जुलाई में भी पकड़े गए थे JeM से जुड़े 8 संदिग्ध
गुजरात ATS ने इससे पहले 3 जुलाई को जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 8 संदिग्धों को गुजरात और मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से गिरफ्तार किया था। इनमें दो आरोपियों की उम्र 18 और 19 साल थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, ये लोग गुजरात में JeM का सक्रिय नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रहे थे।
सूचना मिलने के बाद ATS ने पांच अलग-अलग टीमें बनाकर अभियान चलाया था। इन टीमों ने गुजरात के बनासकांठा, मेहसाणा, नवसारी और पाटण के अलावा मध्य प्रदेश के देवास से गिरफ्तारियां की थीं। जांच में सामने आया था कि आरोपी गुजरात के रहने वाले थे और कथित तौर पर एक पाकिस्तानी हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहे थे।
15 जुलाई को पाटण से 5 संदिग्ध गिरफ्तार हुए थे
गुजरात ATS ने 15 जुलाई को भी जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मॉड्यूल से जुड़े पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। सभी को पाटण जिले के सिद्धपुर तालुका स्थित खाडियाल गांव से पकड़ा गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कादीवाला, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खाली अयूब सुनसारा, शफिया रईस मुख्ती और मोहम्मद हसन कार्डिया के रूप में हुई थी।
लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों के बाद गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद के कथित नेटवर्क और उसकी गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं।









