चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने चुनाव के लिए अपना पहला उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी ने बस्सी पठाना विधानसभा सीट से सतवंत सिंह को उम्मीदवार बनाया है। सतवंत सिंह 1984 के पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी हत्याकांड में दोषी ठहराए गए केहर सिंह के बेटे हैं।
उम्मीदवार के नाम की घोषणा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष तरसेम सिंह ने की। इस दौरान सांसद सरबजीत सिंह खालसा भी मौजूद रहे। सतवंत सिंह की सार्वजनिक पहचान फिलहाल मुख्य रूप से उनके पिता केहर सिंह के नाम से जुड़ी हुई है। उनके राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं है।
बस्सी पठाना से चुनावी मैदान में उतरे सतवंत
अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने सतवंत सिंह को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपना पहला उम्मीदवार बनाकर पंजाब की राजनीति में अपनी रणनीति का संकेत दिया है। पार्टी बस्सी पठाना में पंथक और पारिवारिक पृष्ठभूमि वाले चेहरे को आगे बढ़ाकर चुनावी आधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
सतवंत सिंह की उम्मीदवारी के जरिए पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारियों की शुरुआत कर दी है।









