
अंबेडकर नगर। प्रदेश के रामपुर जनपद के ग्राम सेहोरा, तहसील बिलासपुर स्थित कप्तान पोल्ट्री फार्म में 3000 कुक्कुट पक्षियों में H5N1 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य और पशुपालन विभागों में हड़कंप मच गया है। संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए अंबेडकर नगर के जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला ने जनपद में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने साफ तौर पर कहा कि जनपद में एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) के मद्देनजर सभी विभाग आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि कुक्कुट पालकों से लगातार संवाद बनाए रखें ताकि किसी भी असामान्य लक्षण या अचानक पक्षियों की मृत्यु की सूचना समय पर मिल सके।
पोल्ट्री और प्रवासी पक्षियों पर बढ़ी नजर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बैकयार्ड पोल्ट्री, पोल्ट्री फार्म, पोल्ट्री बाजार, प्रवासी पक्षियों के मार्ग, वन्य जीव अभ्यारण्य, नैशनल पार्क, चिड़ियाघर, जलाशयों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में सतत निगरानी की जाए। सीरो सर्विलांस को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाए और नियमित रूप से नमूने लैब परीक्षण हेतु भेजे जाएं।
संक्रमित पक्षियों के नमूने भेजे जाएंगे भोपाल व बरेली
बर्ड फ्लू की पुष्टि के लिए नाक, गले और मलद्वार से लिए गए सैंपल को ICAR-NIHSAD, भोपाल और IVRI, बरेली की प्रयोगशालाओं में भेजने का आदेश जारी किया गया है। इसके साथ ही पर्यावरणीय सैंपल, जैसे खाद्य सामग्री आदि को भी परीक्षण में शामिल किया जाएगा ताकि संक्रमण के स्रोत की पहचान की जा सके।
संक्रमण रोकने को बनेगा क्वारंटीन जोन
जिलाधिकारी ने कहा कि जहां भी संक्रमण की पुष्टि होती है, वहां निर्दिष्ट संगरोध क्षेत्र (Quarantine Zone) बनाकर संक्रमित पक्षियों को अलग रखा जाए। संक्रमित बाड़ों से स्वस्थ बाड़ों में किसी भी प्रकार का आवागमन प्रतिबंधित किया जाए। पशु चिकित्सकों, कर्मचारियों और श्रमिकों को पीपीई किट, दस्ताने और मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है।








