हथनीकुंड बैराज पर हादसे के बाद सर्च ऑपरेशन जारी
यमुनानगर। यमुना नदी पर बने हथनीकुंड बैराज में मंगलवार शाम मोटर बोट पलटने के बाद दो कमांडो लापता हो गए। दोनों की तलाश में सेना और गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। रात करीब एक बजे तक सेना के 50 जवान तलाश में जुटे रहे, लेकिन दोनों कमांडो का कोई सुराग नहीं मिल सका।
दो हेलिकॉप्टर भी तलाश में लगाए गए
लापता कमांडो की तलाश के लिए सेना की ओर से दो हेलिकॉप्टर भी सर्च अभियान में लगाए गए। बैराज और आसपास के क्षेत्र में पानी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए जल प्रवाह की स्थिति पर भी निगरानी की जा रही है।
नहर में 14 हजार क्यूसेक रहा पानी का बहाव
जानकारी के मुताबिक, पश्चिमी यमुना नहर में मंगलवार रात करीब 10 बजे पानी का बहाव 14 हजार क्यूसेक दर्ज किया गया। अधिकारियों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर रेस्क्यू अभियान को आसान बनाने के लिए पानी का बहाव कम कराया जा सकता है।
हरियाणा-UP की टीमें मौके पर तैनात
घटना के बाद प्रतापनगर थाना पुलिस और उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर थाना की पुलिस टीमें घटनास्थल के पास तैनात की गई हैं। हरियाणा और उत्तर प्रदेश की एनडीआरएफ टीमों को भी रेस्क्यू अभियान में लगाया गया है। सेना के दो ट्रक और वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच चुकी हैं।
सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मौके पर
लापता कमांडो की तलाश में सेना के जवानों के साथ गोताखोरों की टीमें बैराज और आसपास के पानी में सर्चिंग कर रही हैं। सिंचाई विभाग के स्थानीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। बैराज पर पानी के स्तर और बहाव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।









