- भारत बना हाइड्रोजन ट्रेन चलाने वाला दुनिया का पांचवां देश
- 10 कोच, 89 किमी सफर, किराया 5 से 25 रुपये
- पीएम ने 8 विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन-शिलान्यास
- स्वच्छता, रेलवे और खेलों पर भी दिया बड़ा संदेश
नई दिल्ली/जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन हरियाणा के जींद से सोनीपत के बीच चलेगी। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन शुरू करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया है। इससे पहले जर्मनी, फ्रांस, स्वीडन और चीन में ऐसी ट्रेनें संचालित हो रही हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जींद-सोनीपत रूट पर चलने वाली यह दुनिया की सबसे ताकतवर हाइड्रोजन ट्रेन है। इसे भारतीय इंजीनियरों ने डिजाइन किया है और इसका निर्माण भी भारत में ही किया गया है।
10 कोच वाली यह ट्रेन 89 किलोमीटर की दूरी करीब दो घंटे में तय करेगी। इसकी अधिकतम रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। यात्रियों के लिए किराया 5 से 25 रुपये के बीच रखा गया है और यह 14 स्टेशनों पर ठहरेगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, दो मेडिकल कॉलेज सहित आठ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
प्रधानमंत्री ने हरियाणा के लोगों की स्वच्छता अभियान में भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता को हर व्यक्ति अपने जीवन का संस्कार बनाए। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई के लिए किसी विशेष अवसर का इंतजार नहीं होना चाहिए।
रेलवे के आधुनिकीकरण पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 तक देश के रेल नेटवर्क का केवल 30 प्रतिशत हिस्सा ही विद्युतीकृत था, जबकि अब लगभग 99 प्रतिशत रेल नेटवर्क का बिजलीकरण पूरा हो चुका है। इससे रेलवे की डीजल पर निर्भरता काफी कम हुई है।









