नाइटक्लब में पुलिस से बदसलूकी के आरोप में IAS विकास मरमट का ट्रांसफर

बेंगलुरु में जांच के दौरान गाली-गलौज और मारपीट का आरोप, नई पोस्टिंग मिलने तक GAD में रिपोर्ट करने का निर्देश

विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश कैडर के 2019 बैच के IAS अधिकारी विकास मरमट का ट्रांसफर कर दिया गया है। उन पर 9 अक्टूबर को बेंगलुरु के एक नाइटक्लब में जांच के दौरान पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। मरमट को नई पोस्टिंग मिलने तक सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।

नाबालिगों को शराब परोसने की जांच करने पहुंची थी पुलिस

यह घटना बेंगलुरु के रेजिडेंसी रोड स्थित कैवोर नाइटक्लब की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 1:30 बजे सेंट्रल क्राइम ब्रांच की टीम नाबालिगों को शराब परोसे जाने की शिकायत की जांच करने क्लब पहुंची थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर विवाद हुआ।

चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज

बेंगलुरु पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें IAS अधिकारी विकास मरमट, उनके रियल एस्टेट कारोबारी दोस्त अभय उदय सिंह, बिहार निवासी कोचिंग सेंटर संचालक नीतीश और बाउंसर रोशन शामिल हैं। पुलिस ने मरमट को मुख्य आरोपी और अन्य तीन लोगों को सह-आरोपी बनाया है।

कुप्पम क्षेत्र में विकास कार्यों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं

विकास मरमट इससे पहले कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (KADA) में प्रोजेक्ट डायरेक्टर के पद पर तैनात थे। यह अथॉरिटी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के विधानसभा क्षेत्र कुप्पम में विकास कार्यों की निगरानी करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button