नई दिल्ली। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद शुक्रवार रात दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में दीवार फांदकर दाखिल हुए। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर 12 दिन से धरने पर बैठे छात्रों से मुलाकात की और उनकी मांगों का समर्थन किया।
बताया गया कि यूनिवर्सिटी के गेटों पर भारी पुलिस बल तैनात था। इमरान मसूद को आशंका थी कि गेट से प्रवेश करने पर पुलिस उन्हें रोक सकती है। इसके बाद उन्होंने करीब 6 से 7 फीट ऊंची दीवार फांदकर परिसर में जाने का फैसला किया। सामने आए वीडियो में सांसद जमीन पर बैठकर छात्रों से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं।
बोले- छात्रों के संवैधानिक अधिकारों को कुचला जा रहा
छात्रों से बातचीत के दौरान इमरान मसूद ने कहा कि छात्रों की जान कीमती है और भूख हड़ताल पर बैठे होने के कारण यूनिवर्सिटी प्रशासन को उनकी मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं करना शर्मनाक है और छात्रों के संवैधानिक अधिकारों को कुचला जा रहा है।
सांसद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि वह छात्रों की इस लड़ाई को मजबूती से लड़ रहे हैं। इमरान मसूद ने कहा, “ये हमारे बच्चे हैं, मैं इनके लिए अपनी जान भी दे सकता हूं।”
बाहर निकलते समय पुलिस ने हिरासत में लिया
छात्रों से मुलाकात के बाद जब इमरान मसूद यूनिवर्सिटी परिसर से बाहर निकल रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, करीब छह घंटे बाद शनिवार तड़के उन्हें छोड़ दिया गया।
छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र 12 दिनों से धरने पर बैठे हैं। सांसद ने उनसे मुलाकात कर उनकी मांगों के प्रति समर्थन जताया। मामले में यूनिवर्सिटी प्रशासन की प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है।









