
- लॉर्ड्स में सचिन तेंदुलकर की नई पेंटिंग का अनावरण
- कलाकार स्टुअर्ट राइट ने सचिन की पुरानी तस्वीर के आधार पर बनाई पेंटिंग
- सिर्फ सिर और कंधों पर केंद्रित है पेंटिंग, बड़ा आकार दिया गया
लंदन। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की खास पेंटिंग का उद्घाटन लॉर्ड्स के प्रसिद्ध मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) म्यूजियम में किया गया। भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट मैच की शुरुआत से पहले हुए इस समारोह में कई दिग्गज शामिल हुए।
इस खास पेंटिंग को जाने-माने कलाकार स्टुअर्ट पियर्सन राइट ने तैयार किया है। उन्होंने यह चित्र सचिन के 18 साल पहले उनके घर पर ली गई एक तस्वीर के आधार पर बनाया है।
साल के अंत तक म्यूजियम में, फिर पवेलियन की शोभा बनेगी
यह पेंटिंग फिलहाल MCC म्यूजियम में साल के अंत तक प्रदर्शित की जाएगी, जिसके बाद इसे लॉर्ड्स के ऐतिहासिक पवेलियन में स्थानांतरित किया जाएगा। लॉर्ड्स पोर्ट्रेट प्रोग्राम के तहत यह पेंटिंग तैयार की गई है, जो पिछले 30 वर्षों से चल रहा है।
तेंदुलकर बोले- “यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान”
पेंटिंग के उद्घाटन मौके पर सचिन तेंदुलकर ने कहा,
“1983 में जब भारत ने वर्ल्ड कप जीता था, तब पहली बार लॉर्ड्स को देखा था। तब कपिल देव को ट्रॉफी उठाते देखा और तभी मेरी क्रिकेट यात्रा शुरू हुई थी। आज मेरी पेंटिंग लॉर्ड्स में लग रही है, तो लगता है मेरी यात्रा अब पूरी हो गई है।”
उन्होंने कहा कि जब अपने करियर को याद करते हैं तो चेहरे पर मुस्कान आ जाती है और यह पल उनके लिए बेहद खास है।
पेंटिंग में दिखाया सिर्फ सिर और कंधा
इस पेंटिंग की खास बात यह है कि यह फुल-लेंथ पोर्ट्रेट नहीं है, जैसा कि पहले की कई क्रिकेटर्स की पेंटिंग्स रही हैं। इसमें सिर्फ सचिन का सिर और कंधा दिखाया गया है। कलाकार राइट ने बताया कि यह जानबूझकर किया गया ताकि फोकस सिर्फ चेहरे पर बना रहे।
“एक नए तरीके से बनाया”: कलाकार राइट
कलाकार स्टुअर्ट राइट ने बताया,
“MCC नहीं चाहता था कि यह पेंटिंग पहले जैसी हो। मैंने सचिन के चेहरे पर ध्यान केंद्रित किया और उसे बड़ा रूप देकर हीरो जैसा प्रभाव लाने की कोशिश की।”
उन्होंने बताया कि उन्होंने बैकग्राउंड को सिंपल और ऐब्स्ट्रैक्ट रखा ताकि ध्यान सिर्फ सचिन पर रहे।
एल्युमिनियम पर तैयार किया गया पोर्ट्रेट
यह पेंटिंग अब्रेसिव एल्युमिनियम यानी घिसे हुए धातु की सतह पर तेल चित्रकला के रूप में तैयार की गई है। बैकग्राउंड को सचिन की बैटिंग शैली से प्रेरित रखते हुए ऐब्स्ट्रैक्ट बनाया गया है।
राइट इससे पहले कपिल देव, बिशन सिंह बेदी और दिलीप वेंगसरकर की भी पेंटिंग बना चुके हैं।
MCC म्यूजियम: यूरोप का सबसे पुराना स्पोर्ट्स म्यूजियम
MCC म्यूजियम यूरोप का सबसे पुराना स्पोर्ट्स म्यूजियम है। यहां करीब 3,000 तस्वीरें मौजूद हैं, जिनमें से लगभग 300 पोर्ट्रेट्स हैं। लॉन्ग रूम गैलरी को खेल जगत की सबसे प्रतिष्ठित गैलरी माना जाता है।








